नई दिल्ली: कांग्रेस की प्रमुख नेता और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा व्यवसायी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रायहन वाड्रा की सगाई हो गई है। सूत्रों के अनुसार, 25 साल के रायहन ने अपनी लंबे समय की गर्लफ्रेंड अवीवा बैग को प्रपोज किया, जिसे अवीवा ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। दोनों परिवारों की मौजूदगी में यह सगाई हुई और दोनों पक्षों ने इस रिश्ते को पूरी सहमति दी है। यह जोड़ा पिछले सात साल से एक-दूसरे को डेट कर रहा था। दोनों परिवार दिल्ली में रहते हैं और काफी करीबी माने जाते हैं।अवीवा बैग ने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर रायहन के साथ एक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसे बाद में उन्होंने हाइलाइट्स में डाल दिया और तीन दिल वाले इमोजी जोड़े। इससे सगाई की अटकलें तेज हो गई थीं। अब खबरें हैं कि परिवार राजस्थान के रणथंबौर में नए साल का जश्न मनाने पहुंचा है, जहां सगाई का बड़ा समारोह भी आयोजित हो सकता है।
कौन हैं अवीवा बैग?
अवीवा बैग दिल्ली में रहने वाली एक प्रतिभाशाली फोटोग्राफर हैं। वे ‘एटेलियर 11’ नाम की फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी की सह-संस्थापक हैं, जो भारत भर में ब्रांड्स और एजेंसियों के साथ काम करती है। उनकी फोटोग्राफी में रोजमर्रा की जिंदगी को खूबसूरती से कैद करने का अंदाज दिखता है।
अवीवा ने दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से ह्यूमैनिटीज में स्कूली शिक्षा पूरी की और ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता और कम्युनिकेशन में डिग्री हासिल की। उन्होंने मीडिया और कम्युनिकेशन के क्षेत्र में कई भूमिकाएं निभाई हैं। वे प्लसरिम्न में फ्रीलांस प्रोड्यूसर हैं, प्रोपागंडा में जूनियर प्रोजेक्ट मैनेजर रह चुकी हैं और आर्ट चेन इंडिया में मार्केटिंग इंटर्न भी किया। इसके अलावा, वर्व मैगजीन और क्रिएटिव इमेज मैगजीन में इंटर्नशिप की है।
अवीवा की कला प्रदर्शनियां भी काफी चर्चित रही हैं। उन्होंने 2023 में इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर प्रोग्राम में ‘यू कैन नॉट मिस दिस’ प्रदर्शनी की, मेथड गैलरी के साथ भी काम किया। 2019 में द क्वोरम क्लब में ‘द इल्यूजरी वर्ल्ड’ और 2018 में इंडिया डिजाइन आईडी में अपनी रचनाएं दिखाईं। कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें पूर्व नेशनल लेवल फुटबॉल प्लेयर भी बताया गया है।
कौन हैं रायहन वाड्रा?
रायहन वाड्रा एक विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं। उन्होंने महज 10 साल की उम्र से फोटोग्राफी शुरू कर दी थी। उनका पोर्टफोलियो वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी से भरा है। उनकी पहली सोलो प्रदर्शनी नई दिल्ली के बिकानेर हाउस में हुई, जो स्कूल क्रिकेट मैच में लगी आंख की चोट से प्रेरित थी। इस हादसे के बाद वे ब्लैक-एंड-व्हाइट फोटोग्राफी की ओर मुड़े, जहां शैडो और कंट्रास्ट से गहराई पैदा करते हैं।
मां प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रोत्साहन से रायहन अपनी कला को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्हें अपने नाना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की फोटोग्राफी से भी काफी प्रेरणा मिलती है। रायहन ने देहरादून के दून स्कूल से पढ़ाई की, जहां राजीव गांधी और राहुल गांधी भी पढ़े थे।
इस सगाई से गांधी-वाड्रा परिवार में खुशी का माहौल है। दोनों युवा कलाकार होने की वजह से उनका रिश्ता और भी खास लगता है। शादी की तारीख अभी घोषित नहीं हुई, लेकिन आने वाले महीनों में बड़ा आयोजन होने की उम्मीद है।
